Search

June 13, 2026 5:41 pm

खबर का असर: दिव्यांग कमली पहाड़िन को मिली व्हीलचेयर

समाचार प्रकाशित के बाद हरकत में आया जिला प्रशासन

आधार में तकनीकी दिक्कत के कारण रुका था दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, अब वैकल्पिक व्यवस्था शुरू

पाकुड़: GD News Live में बीते कल (09 जून) को प्रकाशित खबर का जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया है।लिट्टीपाड़ा प्रखंड के जामजोरी पंचायत अंतर्गत चीनपाड़ा गांव निवासी दिव्यांग कमली पहाड़िन की बदहाली की खबर छपने के बाद डीसी के निर्देश पर प्रशासन तुरंत हरकत में आया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्थानीय मुखिया और पंचायत सचिव की उपस्थिति में गांव का दौरा किया और कमली पहाड़िन को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई।

खबर छपते ही गांव पहुंचे अधिकारी

समाचार प्रकाशित होने के बाद लिट्टीपाड़ा के बीडीओ ने अधिकारियों की टीम के साथ चीनपाड़ा गांव में रामा पहाड़िया के घर जाकर वस्तुस्थिति की जांच की। जांच में पाया गया कि उनकी पुत्री कमली पहाड़िन मानसिक और शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं, लेकिन तकनीकी कारणों से अब तक उनका दिव्यांगता प्रमाण-पत्र निर्गत नहीं हो सका था।

बायोमेट्रिक समस्या का निकाला जा रहा समाधान

प्रशासनिक जांच में स्पष्ट हुआ कि कमली पहाड़िन के आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट न होने के कारण शिविर में उनकी दिव्यांगता जांच की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। मानसिक स्थिति ठीक न होने की वजह से बायोमेट्रिक सत्यापन (फिंगरप्रिंट) लेने में तकनीकी कठिनाई आ रही थी। अखबार में मामला उजागर होने के बाद प्रशासन ने अब वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए आधार में मोबाइल नंबर जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि जल्द से जल्द उनका दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाया जा सके और उन्हें सभी पात्र सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा सके।

परिवार को मिल रहा है अन्य योजनाओं का लाभ

जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कमली पहाड़िन का परिवार सरकारी योजनाओं से आच्छादित है। उनकी माता को आदिम जनजाति पेंशन योजना का लाभ नियमित मिल रहा है, वहीं उनके पिता के नाम पर ‘जनमन आवास योजना’ के तहत पक्का मकान स्वीकृत है, जिसमें पूरा परिवार रह रहा है। इसके अलावा, ‘डाकिया योजना’ के तहत परिवार को हर महीने उनके घर पर ही राशन (खाद्यान्न) पहुंचाया जा रहा है।

तत्काल सौंपी गई व्हीलचेयर, कागजी प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

अखबार की खबर के आलोक में त्वरित कार्रवाई करते हुए बाल विकास परियोजना कार्यालय (CDPO), लिट्टीपाड़ा के माध्यम से कमली पहाड़िन को तत्काल एक व्हीलचेयर सौंप दी गई है। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए हैं कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूरी कर कमली पहाड़िन को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र सहित अन्य सभी पात्र लाभ समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

img 20260610 wa00641567260566601099080
img 20260610 wa00632726845769068874908

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!