कार्यकर्ता घर-घर जाकर सुनिश्चित करें कि कोई भी समर्थक मतदाता सूची से वंचित न रहे : विजय कुमार हांसदा
महेशपुर/ झामुमो प्रखंड कार्यालय महेशपुर में रविवार को प्रखंड स्तरीय महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने की, जबकि संचालन प्रखंड सचिव जेम्स सुशील हेंब्रम ने किया।
बैठक में राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा, झामुमो जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, तथा जिला द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी, पिंकु शेख और जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बूथ सशक्तिकरण और मतदाता सूची पर जोर
बैठक में बूथ समिति गठन, बीएलए-2 की नियुक्ति, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और जनगणना से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और हर मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सांसद विजय कुमार हांसदा का सख्त संदेश
सांसद विजय कुमार हांसदा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की ताकत उसकी जमीनी पकड़ होती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी समर्थक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने बीएलए-2 की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मतदाता सूची के सत्यापन और अद्यतन में उनकी जिम्मेदारी निर्णायक है, जिसे पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ निभाना होगा।
उपासना मरांडी ने दिया संगठनात्मक अनुशासन का संदेश
पर्यवेक्षक उपासना मरांडी ने बैठक में कार्यकर्ताओं को SIR प्रक्रिया को लेकर पूरी तरह सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर समन्वय और सक्रियता से ही यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे।
जिला नेतृत्व का सख्त रुख
जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने पड़ोसी राज्यों में मतदाता सूची से नाम कटने की खबरों पर चिंता जताते हुए कहा कि झामुमो ऐसे किसी भी प्रयास का विरोध करेगा, जिससे गरीब और वंचित वर्ग प्रभावित हो। उन्होंने नए सिरे से बूथ समितियों के गठन और बीएलए-2 की त्वरित नियुक्ति पर जोर दिया। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।








