अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में आयोजन, डीसी मेघा भारद्वाज ने कहा- योग स्वस्थ और संतुलित जीवन की कुंजी
पाकुड़। स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच के संदेश के साथ रविवार को पाकुड़ जिले में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज, उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। योग प्रशिक्षक संजय कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम कराए गए।
इस मौके पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा दे रहा है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की जीवन पद्धति है।
उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में योग तनाव कम करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक ऊर्जा देने का प्रभावी माध्यम है। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” हर उम्र के लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवन अपनाने का संदेश देती है। उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ परिवार और स्वस्थ परिवार से मजबूत समाज का निर्माण होता है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, कर्मियों और विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज बनाने और लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।














