पाकुड़ शहर के हाटपाड़ा सब्जी बाजार में मोबाइल के जरिए पैसे भेजने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। सब्जी दुकानदार वरुण शाह से एक युवती ने बहाना बनाकर 3500 रुपया की ठगी कर ली। हालांकि दुकानदार की सतर्कता से युवती पकड़ी गई और पुलिस के हवाले कर दी गई।जानकारी के अनुसार, वरुण शाह की सब्जी दुकान पर एक युवती पहुंची और बताया कि उसकी मां की तबीयत खराब है। उसने दुकानदार से मोबाइल नंबर पर 3500 रुपया भेजने का अनुरोध किया और बदले में नकद राशि देने की बात कही। दुकानदार ने युवती के बताए नंबर पर भरोसा कर 3500 रुपया भेज दिए।
पैसे मिलने के बाद युवती कुछ देर दुकान पर रुकी और फिर मौका देखकर वहां से निकल गई। शक होने पर दुकानदार ने उसका पीछा किया और करीब आधा से एक किलोमीटर दूर राज हाई स्कूल के पास उसे पकड़ लिया। इसके बाद युवती को वापस दुकान लाया गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि युवती अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता रही है।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि इस तरह की ठगी के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






