Search

July 19, 2026 12:27 am

28 जून से पल्स पोलियो अभियान, बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक

1111 बूथों पर चलेगा अभियान, 29 व 30 जून को घर-घर जाकर छूटे बच्चों को दी जाएगी दवा।

पाकुड़। जिले में आगामी 28 जून से तीन दिवसीय उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा। अभियान के तहत पांच वर्ष तक के 1,89,475 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसकी तैयारी को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने वैक्सीनेटरों एवं संबंधित कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने तथा अभियान की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियान के पहले दिन 28 जून को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, सदर अस्पताल और निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी, सहिया और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा देंगे।
अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 1111 पोलियो बूथ बनाए जाएंगे तथा उनकी निगरानी के लिए 268 सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!