“जब होगी माहवारी पर सही जानकारी, तब टूटेगी चुप्पी हमारी” के संदेश के साथ महिलाओं एवं किशोरियों को किया जा रहा जागरूक।
समानता एवं सुरक्षित निपटान को बढ़ावा देकर #PeriodFriendlyJharkhand के निर्माण की दिशा में पहल
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर जिला जल एवं स्वच्छता समिति, पाकुड़ द्वारा 28 मई 2026 से 04 जून 2026 तक जिलेभर में वृहद जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान के माध्यम से माहवारी से जुड़े मिथकों एवं सामाजिक वर्जनाओं को समाप्त कर महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
इस वर्ष अभियान की थीम “समानता एवं सुरक्षित निपटान” रखी गई है, जिसका उद्देश्य माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं को जन-जन तक पहुंचाते हुए #PeriodFriendlyJharkhand के निर्माण को गति देना है। अभियान के तहत माहवारी को लेकर खुलकर संवाद स्थापित करने, सुरक्षित स्वच्छता व्यवहार अपनाने तथा उपयोग किए गए स्वच्छता उत्पादों के सुरक्षित निपटान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
अभियान के दौरान एक प्रेरणादायी संदेश भी लोगों के बीच साझा किया जा रहा है—
“ना हंसो मुझ पर कि जब मैं इस दर्द से छटपटाती हूं, क्योंकि इसी माहवारी के बदौलत मैं तुम्हें भ्रूण से इंसान बनाती हूं।”
यह संदेश समाज में माहवारी को लेकर संवेदनशीलता, सम्मान और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास है। जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों एवं गांवों में मास्टर जलसहिया, जलसहिया दीदी, आंगनबाड़ी सेविकाएं, स्वास्थ्य सहियाएं, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों के सहयोग से विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत स्वच्छता रैली, मानव श्रृंखला, चित्रांकन प्रतियोगिता, रेड डॉट चैलेंज, भस्मक (इंसिनरेटर) के उपयोग का प्रदर्शन, व्यक्तिगत शौचालयों के नियमित उपयोग एवं महिलाओं के लिए सुरक्षित शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
विशेष रूप से किशोरियां एवं महिलाएं इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं और माहवारी स्वच्छता से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा कर रही हैं। इससे समाज में जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ महिलाओं के स्वास्थ्य, गरिमा और आत्मविश्वास को भी नई मजबूती मिल रही है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील किया है कि माहवारी को लेकर व्याप्त भ्रांतियों एवं संकोच को समाप्त करने में सहयोग करें तथा एक स्वस्थ, जागरूक और संवेदनशील समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।








