काली मंदिर के पीछे आम बगीचा में चल रहा था धंधा, गुप्त सूचना पर नगर थाना पुलिस की कार्रवाई।
पाकुड़, नगर थाना क्षेत्र के देवपुर में गांजा की बिक्री कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से 25 पुड़िया गांजा बरामद किया गया है। बरामद गांजा का कुल वजन 51.06 ग्राम बताया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। दंडाधिकारी की मौजूदगी में टीम ने देवपुर बायपास रोड स्थित काली मंदिर के पीछे आम बगीचा में छापेमारी की। इस दौरान एक युवक प्लास्टिक की थैली से गांजा की पुड़िया निकालकर बेचता मिला। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कई लोग भाग निकले, जबकि जवानों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान देवपुर निवासी शिशु शेख (30) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 25 पुड़िया गांजा बरामद किया गया। नगर थाना में कांड संख्या 142/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी)(II)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।







