23 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 530 युवाओं ने कराया पंजीकरण; 258 अभ्यर्थी अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट
पाकुड़। जिले के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर लेकर आया दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला कई चेहरों पर खुशी लेकर लौटा। बाजार समिति परिसर में आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेले में 23 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिसमें 134 अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन किया गया। वहीं 258 युवाओं को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तहत जिला नियोजनालय सह मॉडल करियर सेंटर, पाकुड़ की ओर से आयोजित इस मेले में आठवीं पास से लेकर स्नातक तक के युवाओं ने भाग लिया। कुल 530 अभ्यर्थियों ने रोजगार की उम्मीद लेकर पंजीकरण कराया। कंपनियों ने साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के बाद योग्य युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।
जिला नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि पहली नौकरी युवाओं के करियर की मजबूत शुरुआत होती है। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास पर ध्यान देने और मिलने वाले अवसरों का बेहतर उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनुभव और लगातार सीखने की क्षमता ही सफलता की राह को मजबूत बनाती है।
कार्यक्रम में राजेडी सचिव रंजीत कुमार समेत विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।





