प्रशांत मंडल
पाकुड़। आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू ने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। संथाल परगना दौरे के क्रम में बुधवार को पाकुड़ पहुंचे डॉ. बालमुचू ने जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक कर BLA (बूथ लेवल एजेंट) से SIR की तैयारियों और मतदाता सूची से जुड़े मामलों की जानकारी ली। उन्होंने BLA को BLO के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक के बाद हिरणपुर प्रखंड के मोहनपुर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हुए डॉ. बालमुचू ने हुल दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी दुमका से पदयात्रा करते हुए भोगनाडीह पहुंचेगी, जिसमें लिट्टीपाड़ा में 29 जून को रात्रि विश्राम का कार्यक्रम रहेगा। SIR को लेकर उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी योग्य मतदाता का नाम हटना नहीं चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से विपक्ष समर्थित मतदाताओं को मतदान के अधिकार से दूर करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहकर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए काम करने की अपील की।
इस मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मो. मनोवर आलम, प्रखंड उपाध्यक्ष शमशेर आलम, लिट्टीपाड़ा अध्यक्ष मुर्शीद आलम, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सेन, आबिद इस्लाम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।





