पाकुड़। जिले के युवा क्रिकेटर प्रियांशु कुमार का चयन झारखंड अंडर-19 राज्य टीम के प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है। प्रियांशु जिला प्रशासन और बीजीआर माइनिंग इंफ्रा लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से संचालित क्रिकेट प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ी हैं। इससे पहले वह बीसीसीआई की विजय मर्चेंट ट्रॉफी में झारखंड अंडर-16 टीम का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। रांची में 5 से 18 जुलाई तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में प्रियांशु हिस्सा लेंगे। शिविर के बाद चयनित खिलाड़ियों को झारखंड टीम की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं में खेलने का मौका मिलेगा।
इस मौके पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने प्रियांशु को खेल किट देकर सम्मानित किया और कहा कि अनुशासन, समर्पण और लगातार अभ्यास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, प्रशिक्षक रणबीर सिंह रानू को भी खिलाड़ियों को तैयार करने में उनके योगदान के लिए शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। जिला खेल पदाधिकारी ने भी प्रियांशु को शुभकामनाएं देते हुए प्रशिक्षण शिविर में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।








