झारखंड राज्य दफादार-चौकीदार पंचायत की बैठक में बोले प्रदेश अध्यक्ष।
सतनाम सिंह
पाकुड़: झारखंड राज्य दफादार चौकीदार पंचायत ने नौ सूत्री मांगों को लेकर गुरुवार को सूचना भवन सभागार में बैठक की. बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिबू पहाड़िया ने की. इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि झारखंड राज्य दफादार चौकीदार पंचायत के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण दयाल सिंह, प्रमंडल प्रभारी धीरेंद्र माल मौजूद रहे. मंच का संचालन जिला सचिव मार्कोस सोरेन ने किया. बैठक के बाद नौ सूत्री मांगों को लेकर उपायुक्त के माध्यम से नवनियुक्त मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के नाम ज्ञापन सौंपा गया, ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सेवा विमुक्त चौकीदारों को पुनः सेवा में योगदान कराने, चौकीदारों के रिक्त पदों पर निकाले गये विज्ञापन रद्द करने, एक जनवरी 1990 के पूर्व और बाद में सेवानिवृत्ति चौकीदारों-दफादारों के आश्रितों को सेवा में लेने, निलंबित चौकीदारों को बहाल करने, चौकीदारों को 13 माह का वेतन भुगतान करने, वीआरएस की सुविधा देने सहित अन्य मांगें शामिल है. प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण दयाल सिंह ने बताया कि जिलास्तर पर चौकीदारों का शोषण किया जा रहा है. चेकनाका पर चौकीदारों की ड्यूटी लगायी जा रही है. यह बिल्कुल उचित नहीं है. चेकनाका पर चौकीदार के अलावा अन्य अधिकारी भी रहते हैं उस पर कार्रवाई न कर चौकीदारों पर उपायुक्त के द्वारा कार्रवाई की जाती है. इससे चौकीदार दफादार संघ में आक्रोश है. यदि इस पर विचार नहीं किया गया तो इसको लेकर संगठन सड़क पर उत्तरेगा और आंदोलन करेगा. मौके पर धीरेन माल, रंजीत राजवंशी, पंचानंद सरकार, अजय माल, मनोज राजवंशी, मंटू माल पहाड़िया, रवींद्र नाथ राजवंशी, निमाई रजवार, भीम सोरेन, पिंकी पहाड़िवा समेत अन्य लोग मौजूद थे.












