Search

June 22, 2026 12:10 am

100 दिनों में बदली विकास की तस्वीर, अब मल्टीप्लेक्स, बस स्टैंड और हर घर जलापूर्ति पर फोकस

नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल बोलीं- “मेरा गठबंधन सिर्फ जनता से, पाकुड़ को आधुनिक शहर बनाना लक्ष्य”

पाकुड़। नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल के कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के साथ ही शहर के विकास को लेकर नई उम्मीदें भी आकार लेने लगी हैं। जलापूर्ति, सफाई, सड़क, यातायात और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में किए गए कार्यों को गिनाते हुए उन्होंने आने वाले दिनों में पाकुड़ को आधुनिक और सुविधासंपन्न शहर के रूप में विकसित करने का खाका प्रस्तुत किया। विशेष बातचीत में अध्यक्ष शबरी पाल ने कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य जनता की सेवा और शहर का विकास है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका किसी राजनीतिक दल से नहीं बल्कि सीधे जनता से गठबंधन है। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान उन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिला और अब अगले पांच वर्षों तक वे पूरी निष्ठा से शहर के विकास के लिए कार्य करेंगी।

जल कनेक्शन शुल्क में राहत की तैयारी

नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में जल कनेक्शन के लिए निर्धारित सात हजार रुपये का शुल्क आम लोगों के लिए काफी अधिक है। इसे देखते हुए नगर परिषद बोर्ड ने सरकार को प्रस्ताव भेजा है, जिसमें आवासीय उपभोक्ताओं के लिए शुल्क दो हजार रुपये और व्यावसायिक कनेक्शन के लिए पांच हजार रुपये करने की अनुशंसा की गई है। फिलहाल नागरिक मात्र एक हजार रुपये जमा कर जल कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं तथा शेष राशि किस्तों में जमा कर सकते हैं।

100 दिनों की सबसे बड़ी उपलब्धि बनी जलापूर्ति

अध्यक्ष ने बताया कि कार्यभार संभालते ही पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अधिकांश वार्डों में पाइपलाइन आधारित जलापूर्ति शुरू कराई गई। वर्तमान में नगर परिषद क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में नियमित रूप से पानी पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे क्षेत्र में तकनीकी बाधाओं के बावजूद वैकल्पिक पाइपलाइन बिछाकर सिंधीपाड़ा, रेलवे कॉलोनी और सिद्धार्थ नगर जैसे इलाकों तक भी जलापूर्ति सुनिश्चित की गई है, जो नगर परिषद की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।

शहरकोल में बनेगा आधुनिक मल्टीप्लेक्स

शहर के आधुनिक विकास की दिशा में नगर परिषद ने शहरकोल स्थित अपनी लगभग 11 एकड़ भूमि पर बड़े प्रोजेक्ट की योजना बनाई है। यहां अत्याधुनिक मल्टीप्लेक्स, पार्किंग सुविधा, गेमिंग जोन, व्यावसायिक परिसर तथा सरकारी कार्यालयों का निर्माण प्रस्तावित है। नगर परिषद का नया कार्यालय भी इसी परिसर में स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा मौलाना चौक क्षेत्र में लगभग सात एकड़ भूमि पर आधुनिक अंतरराज्यीय बस स्टैंड विकसित करने की योजना है, जिससे झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

गरीबों के लिए एम्बुलेंस और शव वाहन सेवा

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर परिषद दो नई एम्बुलेंस खरीदने की तैयारी कर रही है। ये एम्बुलेंस आम नागरिकों को रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही शव वाहन सेवा को भी सक्रिय किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके।

जलजमाव और जाम की समस्या पर फोकस

शहर में लगातार बढ़ रही जलजमाव और यातायात समस्याओं के समाधान के लिए नगर परिषद नई रणनीति पर काम कर रही है। अब पुरानी सड़कों पर सीधे नई सड़क बनाने के बजाय पहले पुरानी सड़क तोड़ी जाएगी, ताकि घरों का स्तर नीचे न हो और जलभराव की समस्या कम हो।
बीरसा चौक से गांधी चौक तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य जारी है। वहीं फाटक, शीतला मंदिर और तीन बंगला रोड को जोड़कर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे शहर को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

सफाई व्यवस्था सुधारने की अंतिम चेतावनी

शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अध्यक्ष ने संबंधित एजेंसी को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि सभी वार्डों में नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित समय सीमा तक सुधार नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्षों से उपेक्षित पड़े बड़े नालों की सफाई के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं। कई वार्डों में नालों से वर्षों पुरानी गाद और मिट्टी निकालने का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही विवेकानंद चौक से सुभाष चौक तक क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

जनता के सहयोग से बनेगा स्वच्छ और सुंदर पाकुड़

अपने संदेश में नगर परिषद अध्यक्षयू शबरी पाल ने नागरिकों से शहर की स्वच्छता और विकास अभियान में भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर परिषद अपनी जिम्मेदारी निभा रही है, लेकिन शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए आम लोगों का सहयोग भी उतना ही जरूरी है। जागरूक नागरिक ही विकसित और बेहतर पाकुड़ की पहचान बनेंगे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!