पाकुड़ के रविंद्र भवन में गरजे झामुमो नेता, कार्यकर्ताओं को दिया बूथ प्रबंधन और मैपिंग का मंत्र
पाकुड़: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में पार्टी के हर कार्यकर्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि इसके माध्यम से जानबूझकर योग्य मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश की जा रही है। श्री पांडेय ने स्पष्ट किया कि झामुमो इस तरह के किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध करेगा और हर पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित करेगा।वे शुक्रवार को स्थानीय रविंद्र भवन में झामुमो जिला समिति के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय एक दिवसीय विशेष गहन प्रशिक्षण कार्यशाला सह प्रशिक्षण शिविर को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने की।केंद्रीय महासचिव ने कार्यकर्ताओं व बीएलए-2 से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में जाकर मतदाता सूची का सघन सत्यापन करें। छूटे हुए योग्य नामों को जोड़ने और साजिश के तहत हटाए गए नामों को पुनः शामिल कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने मंत्र देते हुए कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की नींव है।
संगठन विस्तार और सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाएं: पंकज मिश्रा
विशिष्ट अतिथि पार्टी के केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं व बीएलए-2 को मतदाता सूची पुनरीक्षण, बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि हेमंत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही हमारा मुख्य लक्ष्य होना चाहिए।
योग्य मतदाताओं का सहयोग करें पार्टी पदाधिकारी: सांसद
राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हांसदा ने अपने संबोधन में कहा कि बूथ स्तर के पदाधिकारी ही पार्टी की असली ताकत हैं। वे लगातार क्षेत्र भ्रमण करें और योग्य मतदाताओं का सहयोग करते हुए उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना सुरक्षित करें, ताकि हमारे वोटरों के अधिकार सुरक्षित रह सकें।
हर बूथ पर मैपिंग कराने का निर्देश: हेमलाल
लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमलाल मुर्मू ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की बारीकियों को समझाया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहकर हर बूथ पर मैपिंग कार्य में मतदाताओं का पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया।
आदिवासी परंपरा के अनुसार हुआ भव्य स्वागत
इससे पूर्व, रविंद्र भवन पहुँचने पर केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय, केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, सांसद विजय हांसदा और विधायक हेमलाल मुर्मू का पार्टी कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर तथा आदिवासी परंपरा के अनुसार भव्य स्वागत किया। मंच पर मुख्य अतिथियों को बुके देकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मंच का सफल संचालन जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने किया।इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली, हरिवंश चौबे, पीटर मरांडी, जिला सचिव माईकिल मुर्मू, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम यादव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील टुडू, जिला परिषद अध्यक्षा जुली ख्रीस्टमुनी हेम्ब्रम, केंद्रीय सदस्य उपासना मरांडी, विकास मुर्मू, उमर फारूक, पिंकू शेख, मिथिलेश घोष, जिला मीडिया प्रभारी आफताब आलम सहित सभी प्रखंडों के अध्यक्ष, सचिव, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और भारी संख्या में बीएलए-2 व कार्यकर्ता उपस्थित थे।










