पाकुड़। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, समावेशी और त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी को लेकर बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय और नगर परिषद कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए सही मतदाता सूची सबसे जरूरी है। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन, नए नाम जोड़ने, मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा गलतियों में सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डुप्लीकेट, अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं की पहचान कर सूची को अपडेट किया जाएगा। सत्यापन के बाद बीएलए-2 के माध्यम से भी सूची की जांच कराई जाएगी। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों ने SIR-2026 की प्रक्रिया, प्रपत्रों के संकलन और ऑनलाइन कार्यों की जानकारी दी। अधिकारियों ने सभी बीएलओ को समय सीमा के अंदर पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।






