हरिणडांगा मैदान से पकड़े गए 3 गिरोह के सदस्य, एक आरोपी फरार
पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित सहायक अभियंता राणा प्रताप यादव के क्वार्टर में 28 दिसंबर की रात हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में नगर थाना कांड संख्या 330/2025 दर्ज की गई थी। घटना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही थी।इसी दौरान 30 दिसंबर की रात पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि हरिणडांगा मैदान में कुछ संदिग्ध लोग चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद SIT ने मौके पर छापेमारी कर C3 गिरोह के तीन अपराधियों को धर दबोचा, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दरवाजा और ताला तोड़ने के औजार, आरी-पत्ती, कटर समेत कई संदिग्ध सामान बरामद किए गए। पुलिस की सख्ती में पूछताछ के बाद तीनों ने सहायक अभियंता के क्वार्टर में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए चांदी के जेवरात और नकद रुपए भी बरामद कर लिए गए।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के अलावा अन्य लोगों की भी इस कांड में संलिप्तता सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पकड़े गए तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
कौन-कौन गिरफ्तार
मुन्ना अंसारी उर्फ मुन्ना मोबाइल, निवासी अजमेरी टोला, पाकुड़ नगर
सद्दाम अंसारी, निवासी नलपोखर, पाकुड़ नगर
अफरोज अंसारी, निवासी नलपोखर, पाकुड़ नगर
क्या-क्या बरामद
चांदी का हार, एक जोड़ा पायल और चांदी के दो गले हुए रॉड (कुल वजन 125 ग्राम)
नकद 12,800 रुपए
दरवाजा-ताला तोड़ने के औजार, आरी-पत्ती, कटर
SIT में शामिल अधिकारी
छापेमारी दल में नगर थाना प्रभारी बबलु कुमार समेत दिलीप कुमार बास्की, बलवंत दुबे, सुराई तापे, हवलदार बाबूलाल यादव और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।











