पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के आदेश एवं जिला परिवहन पदाधिकारी मोजाहिद अंसारी के निर्देश पर जिले के स्कूलों में चल रहे सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को रानी ज्योतिर्मय हाई स्कूल, पाकुड़ में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। बच्चों को तेज रफ्तार में वाहन नहीं चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने, हेलमेट पहनने, ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्यता, हिट एंड रन, गुड सेमेरिटन योजना, रोड साइन समेत अन्य विषयों पर विस्तार से जागरूक किया गया। इस दौरान सरकार की सड़क दुर्घटना मुआवजा योजनाओं की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में करीब 120 से 150 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया। छात्रों को पंपलेट वितरित कर जागरूक किया गया तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े सवाल-जवाब प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला सड़क सुरक्षा कोषांग के रोड इंजीनियर एनालिस्ट मोहम्मद अजहद अंसारी, आईटी असिस्टेंट अमित कुमार राम सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।








