बूथों के निरीक्षण के बाद समीक्षा बैठक में डीईओ ने दिए सख्त निर्देश; अनमैप्ड व डिस्क्रेपेंसी वाले मतदाताओं की बूथवार सूची तैयार कर व्यक्तिगत संपर्क का आदेश।
हिरणपुर (पाकुड़)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने हिरणपुर प्रखंड में विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर एसआईआर कार्यों की प्रगति देखी। इसके बाद प्रखंड सभागार में एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर और कंप्यूटर ऑपरेटरों के साथ समीक्षा बैठक कर सुनवाई प्रक्रिया समेत आगामी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि एसआईआर निर्वाचन प्रक्रिया का संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ निर्धारित नियमों का पालन किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से बाहर नहीं रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो, यह सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
अनमैप्ड और डिस्क्रेपेंसी मामलों में व्यक्तिगत संपर्क
समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ के साथ समन्वय कर अनमैप्ड एवं डिस्क्रेपेंसी वाले मतदाताओं की बूथवार सूची तैयार करें। संबंधित मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें सुनवाई की तारीख, स्थान और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी देने को कहा गया। मतदाताओं को निर्धारित तिथि पर संबंधित पंचायत भवन स्थित सुनवाई केंद्र में दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि सुनवाई के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 वैध दस्तावेजों की जानकारी सभी कर्मियों को होनी चाहिए। दस्तावेजों की विधिवत जांच के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई की जाए। सही मामलों का मौके पर ही निष्पादन करने तथा संदेहास्पद या अपूर्ण दस्तावेज वाले मामलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।
तीन श्रेणियों में दर्ज होंगे मामले
उपायुक्त ने सुनवाई के मामलों को तीन श्रेणियों में व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। पहली श्रेणी में सही दस्तावेज के आधार पर मौके पर स्पष्ट होने वाले मामले, दूसरी में दस्तावेज या तथ्यों में शंका अथवा विसंगति वाले मामले और तीसरी में सुनवाई में अनुपस्थित रहने या जरूरी दस्तावेज नहीं देने वाले मामले शामिल होंगे। तीनों श्रेणियों का अलग-अलग रिकॉर्ड रखने को कहा गया। उन्होंने ऑनलाइन प्रक्रिया के साथ ऑफलाइन फाइल, रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का भी व्यवस्थित संधारण करने का निर्देश दिया। सुनवाई केंद्रों पर फाइल, रजिस्टर, ट्रे, स्टेपलर सहित आवश्यक स्टेशनरी की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि दस्तावेजों की जांच और मामलों का निष्पादन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
बूथों पर भी पहुंचीं उपायुक्त, एसआईआर कार्यों की जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उच्च विद्यालय हाथकाठी स्थित बूथ संख्या 128 व 129, हाथकाठी पंचायत भवन स्थित बूथ संख्या 127 तथा रानीपुर स्थित बूथ संख्या 174 व 175 का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर से एसआईआर कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान ASDD सूची, नए मतदान केंद्र के अनुसार पृथक्करण के बाद गणना प्रपत्र की प्रति, प्रारूप मतदाता सूची, नो-मैपिंग सूची, मतदान केंद्र का नजरी नक्शा, की-मैप, गूगल मैप और नोटिस तामिला की स्थिति की समीक्षा की। बीएलओ को क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया गया। एक परिवार और एक घर के मतदाताओं को यथासंभव एक ही मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध करने की दिशा में कार्रवाई करने को भी कहा गया।
युवाओं के नाम जोड़ने और गलतियां सुधारने पर जोर
उपायुक्त ने पात्र युवा भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए फॉर्म-6 और घोषणापत्र भरवाने के लिए प्रेरित करने को कहा। वहीं ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम, पता, उम्र अथवा अन्य किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित मतदाता से फॉर्म-8 भरवाने का निर्देश दिया।
स्कूलों में व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने उच्च विद्यालय हाथकाठी एवं 10+2 विद्यालय हाथकाठी का भी निरीक्षण किया। छात्र-छात्राओं से पढ़ाई और शिक्षण व्यवस्था का फीडबैक लिया तथा उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में बेंच-डेस्क, हैंडवॉश यूनिट, टूटे खिड़की के शीशे और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ एवं कंप्यूटर ऑपरेटर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मी उपस्थित थे।







