Search

July 5, 2026 5:51 am

एक जन्म प्रमाण पत्र के लिए पैरों में गिड़गिड़ाया युवक

भतीजे के जन्म प्रमाण पत्र के लिए दर-दर भटक रहा था दिनेश, पंचायत सचिव के सामने टूट गया सब्र

पाकुड़: व्यवस्था जब संवेदनहीन हो जाए, तो जनता को किस कदर जिल्लत झेलनी पड़ती है, इसकी एक बानगी पाकुड़ जिले में देखने को मिली है। पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा प्रखंड से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जो प्रशासनिक अमले और पंचायती राज व्यवस्था के दावों की धज्जियां उड़ा रहा है। यहाँ एक पीड़ित शख्स को अपने भतीजे के जन्म प्रमाण पत्र के लिए पंचायत सचिव के पैरों में गिरकर गिड़गिड़ाना पड़ा।

तीन महीने से काट रहा था दफ्तरों के चक्कर

जानकारी के अनुसार, लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत जामजोरी पंचायत के रहने वाले दिनेश टुडू पिछले तीन महीने से अपने भतीजे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। आरोप है कि स्थानीय पंचायत सचिव द्वारा उन्हें लगातार परेशान और प्रताड़ित किया जा रहा था। आज कागजात बनेगा, कल बनेगा… इसी टालमटोल में पीड़ित को महीनों दौड़ाया गया।

प्रखंड कार्यालय के बाहर में पैर पर गिरकर रोने लगा पीड़ित

थक-हारकर पीड़ित दिनेश टुडू सोमवार को लिट्टीपाड़ा प्रखंड कार्यालय पहुंचे। वहाँ पंचायत सचिव को देखते ही उनके सब्र का बांध टूट गया। दिनेश सीधे पंचायत सचिव के पैरों में गिर पड़े और रोते-बिलखते हुए गुहार लगाने लगे। पीड़ित ने रोते हुए कहा साहब! पिछले तीन महीने से भटक रहा हूँ, अब और मत दौड़ाओ, मेरे भतीजे का जन्म प्रमाण पत्र बना दो।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, आक्रोश

कार्यालय परिसर में मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक आम नागरिक अदद कागज़ के टुकड़े के लिए सरकारी बाबू के पैरों में पड़ा हुआ है। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और लोग दोषी पंचायत सचिव पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

अधिकारियों ने साधी चुप्पी

इस पूरे मामले पर जब प्रखंड के आला अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कैमरे पर कुछ भी बोलने से परहेज किया। हालांकि, दबी जुबान में अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अब सवाल यह उठता है कि सरकार जहाँ ‘आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार’ जैसे ऊंचे-ऊंचे नारे देती है, वहीं धरातल पर एक अदद जन्म प्रमाण पत्र के लिए ग्रामीणों को पैर पर गिरना पड़ रहा है। देखना होगा कि इस वायरल वीडियो के बाद जिला प्रशासन क्या एक्शन लेता है।

img 20260629 wa00865777500565994689143

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!