Search

June 23, 2026 4:51 pm

मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी; अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

पाकुड़। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में मुहर्रम कमेटियों, अखाड़ा समितियों, शांति समिति के सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और व्यवस्था को लेकर चर्चा की।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था और एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही ताजिया की ऊंचाई का सत्यापन और जुलूस निर्धारित मार्ग से निकालने को कहा गया।

एसपी ने कहा- सौहार्द बिगाड़ने वालों की खैर नहीं

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह तैयार है। संवेदनशील इलाकों और जुलूस मार्गों की निगरानी ड्रोन से भी की जाएगी। धार्मिक स्थलों पर विशेष चौकसी रहेगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भ्रामक संदेश फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी समितियों से जुलूस समय पर शुरू और समाप्त करने की अपील की।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, नगर परिषद के अधिकारी, बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी सहित शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!