अवैध टोटो और ओवरलोड वाहनों की अब खैर नहीं, खुद सड़कों पर उतरेंगे डीटीओ।
पाकुड़:जिला परिवहन कार्यालय के कामकाज को और अधिक पारदर्शी व सुगम बनाने को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी मुजाहिद अंसारी ने कमर कस ली है।डीटीओ ने दोटूक शब्दों में कहा कि जिले की परिवहन व्यवस्था को पटरी पर लाना और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाना ही उनकी मुख्य नीति होगी
कार्यालय का बदलेगा ढर्रा, कम होगा कर्मियों का बोझ
नवनियुक्त डीटीओ ने कहा कि उनका सबसे पहला प्रयास विभागीय सिस्टम को पूरी तरह दुरुस्त करना है. कार्यालय के भीतर कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जा रहा है. कार्यों का बंटवारा समान रूप से किया जाएगा ताकि किसी भी स्टाफ पर काम का अतिरिक्त बोझ न पड़े. इसके साथ ही कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और उपलब्ध संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर रहेगा.
दूर-दराज से आने वाले लोगों को मिलेंगी सुविधाएं।
डीटीओ ने बताया कि जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों से वाहन निबंधन और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आने वाले ग्रामीणों, वाहन मालिकों और चालकों की सहूलियत का पूरा ध्यान रखा जाएगा. उनके बैठने के लिए समुचित जगह, शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को जल्द ही दुरुस्त किया जा रहा है.
बिना रजिस्ट्रेशन सड़कों पर दौड़ने वाले टोटो पर लगेगा भारी जुर्माना
बगल के राज्य पश्चिम बंगाल की सीमा व अन्य रूटों से पाकुड़ जिले में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले बिना निबंधन के टोटो पर विभाग सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है. डीटीओ ने साफ किया कि किसी भी वाहन के परिचालन के लिए उसका रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य है. बिना कागजात के सड़कों पर वाहन उतारना पूरी तरह गैर-कानूनी है. ऐसे जो भी टोटो पकड़े जाएंगे, उन पर भारी वित्तीय जुर्माना लगाया जाएगा.”इसके साथ ही उन्होंने ऑटो और टोटो चालकों को निर्धारित ‘ड्रेस कोड’ का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी है.
ओवरलोडिंग के खिलाफ सड़कों पर खुद उतरेंगे अधिकारी
जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए डीटीओ ने सभी दोपहिया, तीनपहिया, चारपहिया और भारी वाहन (ट्रक व बस) मालिकों से यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि वाहनों के दस्तावेज हमेशा अपडेट रखें. ओवरलोडिंग को लेकर सरकार के सख्त निर्देश हैं. परिवहन विभाग की टीम लगातार सक्रिय है और वे खुद भी समय-समय पर विभिन्न रूटों पर औचक चेकिंग अभियान चलाएंगे. नियमों की अनदेखी करने वाले ओवरलोड वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
दलाली प्रथा पर पैनी नजर, जांच के बाद नपेंगे दोषी
कार्यालय परिसर और उसके आसपास लगने वाले जमावड़े व दलाली प्रथा के सवाल पर उन्होंने कहा कि चूंकि पास में ही रजिस्ट्री कार्यालय भी स्थित है, इसलिए लोग दस्तावेज व फॉर्म भरने के लिए बैठते हैं. इस वजह से भीड़ दिखना स्वाभाविक है. लेकिन, यदि इस भीड़ की आड़ में किसी भी प्रकार की दलाली या अवैध तरीके से काम कराने की बात सामने आती है, तो विभाग इसकी जांच कराकर संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा.






