डीडीसी ने खिलाड़ियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, कहा- मेहनत और अनुशासन से मिलती है सफलता
पाकुड़। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के मौके पर मंगलवार को रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम में खेल का उत्साह देखने को मिला। जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय खेल कार्यक्रम का शुभारंभ कबड्डी प्रतियोगिता के साथ हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची 12 टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत और खेल भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लगातार अभ्यास और समर्पण के बल पर खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। इस दौरान डीडीसी ने सभी खिलाड़ियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और मजबूत सोच के लिए युवाओं का खेलों से जुड़ना जरूरी है। खेल और नशा एक-दूसरे के विपरीत हैं, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ मुकाबला किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करना है।


Related Posts

चापाकल पर कब्जे का आरोप, पूर्व मुखिया के खिलाफ मुखिया ने खोला मोर्चा; पानी के लिए भटक रहे पत्थरघाटा के ग्रामीण




