Search

August 13, 2026 12:46 pm

केरल में प्रवासी मजदूर की मौत, मुख्यमंत्री और विधायक की पहल से गांव पहुंचेगा शव।

अमर भगत

गोपीकांदर(दुमका)। गोपीकांदर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर (मजडीहा) गांव निवासी प्रवासी मजदूर हाबिल मरांडी (32) की केरल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हाबिल केरल के इडुक्की जिला अंतर्गत चेरुथानी में मजदूरी करता था और हर्निया की बीमारी से पीड़ित था। परिजनों के अनुसार, पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद चार दिन पहले उसे चेरुथानी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मेट के माध्यम से परिजनों को दी गई। हाबिल परिवार का इकलौता पुत्र था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में पत्नी शीला सोरेन और चार वर्षीय पुत्र है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन शव को गांव लाने में असमर्थ थे।
इसके बाद परिजनों ने लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू और जिला परिषद सदस्य निशा सबनम हांसदा से शव घर लाने की गुहार लगाई। विधायक ने मामले की जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दी। मुख्यमंत्री और विधायक की पहल के बाद अब हाबिल का शव हवाई मार्ग से केरल से रांची लाया जाएगा, जहां से एंबुलेंस के जरिए शव को उसके पैतृक गांव दुर्गापुर पहुंचाया जाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!